Ashu Das
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक मशहूर हो चुकीं बॉलीवुड की देशी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। जी हां, फोर्ब्स मैगजीन ने 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की लिस्ट जारी की है जिसमें प्रियंका का नाम भी शामिल है।
Honored to stand alongside these amazing trailblazers… #PowerWomen#Worlds100MostPowerfulWomen @forbeshttps://t.co/LYQNVGsUGs pic.twitter.com/nS0NoMyedT
— PRIYANKA (@priyankachopra) November 2, 2017
जिस मैगजीन में लोग अपना नाम देखने के लिए पूरा जीवन लगा देते हैं उस मैगजीन में मात्र 35 साल की उम्र में ही इस अभिनेत्री ने अपना नाम दर्ज करा लिया। आज प्रियंका को सिर्फ बॉलीवुड अदकारा के रूप में ही नहीं बल्कि हॉलीवुड सितारे के रूप में भी जाना जाता है।

आज भी भारत के कई घरों में अभिनय को बड़ी ही तिरस्कृत नजरों से देखा जाता है। खासकर लड़कियों को फिल्म्स में काम करने लिए बहुत ही कम घरों में इज़ाजत मिल पाती है। भारतीय समाज में अभिनेत्रियों के इन छोटे कपड़ो को सीधे उनके चरित्र से जोड़ा जाता है लेकिन प्रियंका ने ये सब न सोचते हुए फिल्मों में काम भी किया और खुले आसमान में एक उड़ान भरी पर किसे पता था कि ये उड़ान सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रहेगी, प्रियंका ने एक ऐसी उड़ान भरी की वो बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी सबकी चहेती बन बैठी।

आज सही मायने में देखा जाए तो प्रियंका किसी मिसाल से कम नहीं है। साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में सनी देओल की फिल्म ‘द हीरो-लव स्टोरी ऑफ ए स्पाय’ से की थी। जिसके बाद केवल 14 वर्ष के अपने इस करियर में ही उन्होंने अपनी पहचान हॉलीवुड तक में बना ली और अब उन्हें हॉलीवुड में भारत का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेस्डर भी कह सकते हैं।

प्रियंका ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि, ‘मेरा करियर कभी किसी दूसरे के करियर पर निर्भर नहीं रहा। यह बहुत खास है। किसी की फिल्म ने अच्छा काम किया या नहीं, इसका मेरे से क्या लेना देना’। प्रियंका ने कहा ‘मुझे यह कभी समझ नहीं आया।

कहते हैं हॉलीवुड में जगह बनाना कोई बच्चों को खेल नहीं लेकिन आज प्रियंका ने इसी हॉलीवुड में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है। प्रियंका चोपड़ा एक प्रोफेशन सिंगर भी है और उनकी इसी कला ने उन्हें हॉलीवुड में भी पहचान दी थी। ‘वेलकम टू माय सिटी’ और ‘एग्जॉटिक’ जैसे उनके गाने विदेशों में भी खूब हिट हुए और यहीं से उनके हॉलीवुड करियर की भी शुरुआत हुई।

मशहूर अमेरिकन सीरीज ‘क्वांटिको’ में एलेक्स पेरिश के उनके किरदार ने उन्हें अमेरिका के घर-घर में जाना पहचाना चेहरा बना दिया, उनका ये किरदार लोगों को इतना पसंद आया कि अब उनके इस शो का तीसरा सीजन भी आने वाला है।

प्रियंका ने हॉलीवुड फिल्म’ बेवॉच’ में भी काम किया है जिसके बाद उनकी झोली में दो और हॉलीवुड फिल्में आ गयी हैं। प्रियंका का कहना है कि उनका ये सफर इतना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि अमेरिका में पढ़ाई के दौरान प्रियंका कई बार रंगभेद का शिकार हुई थी। लेकिन आज मैं इसी अमेरिका में जानी पहचानी सेलिब्रिटी हूं।

फोर्ब्स ने प्रियंका की इन्हीं खूबियों को देखते हुए उन्हें इस लिस्ट में मनोरंजन और मीडिया के क्षेत्र में 15वीं पोजिशन पर रखा है। वहीं बॉलीवुड की देसी गर्ल फोर्ब्स की सभी कैटिगरी की लिस्ट में 97वां स्थान पर है। जो भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।












