न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंदा आर्डर्न जल्द ही मां बनने वाली है। जेसिंदा ने खुद इस बात की पुष्टि की है। इसके साथ ही देश के इतिहास में वह पहली महिला होंगी जो प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म देंगी। इस खबर के साथ ही दुनिया भर से जेसिंदा को बधाई के लिए मैसेज मिलने शुरू हो गए हैं। कनाडा के पीएम जस्टिन त्रूदो ने ट्वीट कर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह नन्हीं परी से एकबार जरूर मिलेंगे। न्यूजीलैंड की पहली महिला पीएम जेनी शिप्ले ने भी जेसिंदा को बधाई दी। न्यूजीलैंड की दूसरी महिला पीएम हेलेने क्लार्क ने ट्वीट में कहा कि हर महिला को परिवार और कैरियर साथ रखने का पसंद होना चाहिए।
देश की सबसे युवा प्रधानमंत्री
37 साल की लेबर पार्टी की नेता जेसिंदा ने पिछले साल अक्तूबर में प्रधानमंत्री का पद संभाला था। 100 साल के इतिहास में वह देश की सबसे युवा प्रधानमंत्री भी हैं। जेसिंदा मां बनने के बाद 6 महीने की छुट्टी लेंगी। जेसिंदा न्यूजीलैंड की तीसरी महिला प्रधानमंत्री है. हाल के समय में पीएम पद पर रहते मां बनने वाली दूसरी राजनेता है। इससे पहले 1990 में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने पीएम पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म दिया था। भुट्टो की साल 2007 में हत्या कर दी गई थी।