“मिताली राज महिला क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने वाली पहली महिला”
भारत ही नहीं विश्वभर में जितना प्यार पुरुष क्रिकेट को मिला, अब उतना ही प्यार महिला क्रिकेट को भी मिल रहा है। हालांकि पुरुष क्रिकेट को महिला क्रिकेट की अपेक्षा ज्यादा प्यार मिलता रहा है, लेकिन अब वक्त बदल चुका है। देश की महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप के मैचों में जिस तरह से प्रदर्शन किया वो वाकई ही काबिले तारीफ है। महिला टीम ने बता दिया कि वो भी पुरुषों से कम नहीं। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन मिताली राज की बात करें तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से दिग्गज खिलाड़ियों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।
आज 3 दिसंबर को मिताली राज का जन्मदिन है तो चलिए आपको बताते हैं कि मिताली को आखिर क्रिकेट के लिए किस चीज को छोड़ना पडा था।
क्रिकेट के लिए इस चीज की दी थी कुरबानी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का जन्म जोधपुर (राजस्थान) में 3 दिसंबर 1982 को हुआ। मिताली ने कई स्टेज प्रोगाम किए हैं, वहीं उन्होंने भरतनाट्यम की ट्रेनिंग भी ली हैं। हालांकि क्रिकेट खेलने के चलते उन्हें भरतनाट्यम नृत्य की क्लास से दूरी बनानी पड़ी और अपना पूरा ध्यान क्रिकेट में लगाना पड़ा। दरअसल, उनकी डांस की टीचर ने उन्हें डांस और क्रिकेट में से एक चुनने की सलाह दी थी।
जिसके चलते मिताली ने क्रिकेट को अपने करियर के रूप में चुना और पूरा ध्यान क्रिकेट में लगाया।
1999 में क्रिकेट में किया था डेब्यू
मिताली राज ने 1999 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था, ये मैच मिल्टन कीनेस आयरलैंड में खेला गया था। मिताली के बल्ले से इस मैच में नाबाद 114 रन निकले थे।
वहीं, उन्होंने अपना पहला टेस्ट इंग्लेंड के खिलाफ 2001-02 में लखनऊ में खेला था। मिताली ने क्रिकेट में काफी मेहनत की है, इसी मेहनत का परिणाम उन्हें 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में मिला था। इस मैच में मिताली ने 214 रन बनाए थे, जो कि महिला क्रिकेट में आज तक का सर्वाधिक स्कोर है।
इसी के साथ मिताली राज महिला क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने वाली पहली महिला है।
इन क्रिकेटर से लेती हैं प्रेरणा
हाल ही में मिताली राज ने भारतीय पुरुष टीम के कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि विराट साल भर फिट रहने पर काफी ध्यान देते हैं जो कि काबिले तारीफ है। साथ ही मिताली ने ये भी कहा कि कई लोग हैं जो मुझे हर दिन काफी प्रेरित करते रहते हैं, लेकिन अगर मुझे इनमें से किसी एक का नाम लेना हो तो वो हैं विराट कोहली। विराट के कारण ही मैं अपनी फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दे पा रही हूं।
अर्जुन पुरस्कार से हुई हैं सम्मानित
मिताली राज ने 2003 में खेले गए क्रिकेट में कई उपलब्धियां हासिल की है, जिसके चलते उन्हें 21 सितंबर 2004 को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।