
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) को कोविड के कारण 44 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अब हिमाचल पर्यटन ने हिमाचल के सबसे सुंदर स्थानों में स्थित अपने होटलों में डेस्टिनेशन वेडिंग्स (गंतव्य शादियों) को बढ़ावा देने का फैसला किया है।
एचपीटीडीसी ने पैलेस होटल, चैल और बरोग, फागू और नारकंडा में स्थित अपने होटलों को डेस्टिनेशन वेडिंग्स (गंतव्य शादियों) के लिए पूरी तरह से तैयार कर रखा है।
एचपीटीडीसी पर्यटन प्रबंध और निदेशक अमित कश्यप के अनुसार, “हमने सबसे खूबसूरत सेटिंग के साथ अपने होटलों का चयन किया है, जो हर एक के जेब पर भरी भी नहीं पड़ेंगे, जिसमें चैल होटल हाई-एंड प्रॉपर्टी है।”
अमित कश्यप ने बताया कि डेस्टिनेशन शादियां भीड़-भाड़ वाले शहरों से दूर होंगी और सीमित संख्या होने के कारण, यह कोविड के समय में सबसे सुरक्षित और सबसे अच्छा विकल्प है, जब सामाजिक-दूरी के मानदंड बहुत जरूरी हैं। कश्यप ने कहा, “हम एक पूर्ण पैकेज प्रदान करेंगे जहां पंडित, सजावट, खानपान और अन्य जरूरतों की व्यवस्था से लेकर हर चीज का ध्यान रखा जाएगा ताकि लोग बस आएं और जीवन भर के अनुभव के रूप में सिर्फ शादी का आनंद लें।”
हालांकि गर्मियों के दौरान आने वाले पर्यटकों से हिमाचल के होटल मालिकों की आमद में थोड़ा बहुत सुधार हुआ था, लेकिन अब होटलों में रहने वालों की संख्या मुश्किल से 20 से 30 प्रतिशत रह गई है। अकेले एचपीटीडीसी को वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए 44 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। एचपीटीडीसी के 53 होटल और 17 कैफेटेरिया हैं।
कोविड महामारी के चलते अनिवार्य रूप से नेगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट या टीकाकरण प्रमाण पत्र जैसे प्रतिबंधों से भी पर्यटकों की आवा-जाही में बाधा आई है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रतिबंधित होने से व्यावहारिक रूप से कोई विदेशी पर्यटक यंहा नहीं आये हैं। नहीं तो अगस्त-सितंबर के दौरान किन्नौर-लाहौल स्पीति विदेशी पर्यटकों से भरा रहता था।
एचपीटीडीसी के अधिकारियों को विशेष रूप से ट्रैवल ऑपरेटरों के साथ बातचीत करने के लिए कहा गया है ताकि गणपति, दुर्गा पूजा और दीवाली की छुट्टियों के दौरान हिमाचल आने वाले पर्यटकों को पहाड़ियों पर जाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। पैकेज के तहत पर्यटकों को चंडीगढ़ हवाई अड्डे से लेने और शिमला तक ले जाने की व्यवस्था की गई है। पर्यटकों के आगमन की सुविधा के लिए एचपीटीडीसी का अहमदाबाद में एक कार्यालय भी है क्योंकि हिमाचल गुजरातियों का पसंदीदा स्थान रहा है।
इसलिए, कोविड संकट के ऐसे समय में, पर्यटकों को एचपीटीडीसी होटलों में यात्रा करने के लिए प्रेरित और सुरक्षित महसूस कराने का बेताब प्रयास किए जा रहे हैं, जहां COVID-दिशानिर्देशों और सामाजिक-दूर के मानदंडों का पालन भी होगा।










