मेघालय उत्तर-पूर्वी भारत का ऐसा राज्य है जो अपने आंचल में प्रकृति की बहुमूल्य सुंदरता को छिपाए है। उपजाऊ घाटियां, बड़ी-बड़ी पहाड़ियां, कल-कल करती नदियां और झरने।
मेघालय का एक तिहाई हिस्सा वनों से ढ़का है। मेघालय भारत के उत्तर-पूर्व का बहुत ही खूबसूरत राज्य है। जिसकी राजधानी है शिलौंग। मेघालय का क्षेत्रफल लगभग 22,429 वर्ग किलोमीटर है। हरे-भरे वनों, झीलों और रहस्यमयी गुफाओं से सजे इस शहर के उत्तर में असम राज्य है, जिसे ब्रह्मपुत्र नदी इससे अलग करती है। मेघालय पहले असम का ही हिस्सा था, जिसे 1972 में असम से अलग करके एक अलग प्रान्त बना दिया गया। मेघालय के उत्तर में असम है तो दक्षिण में बांग्लादेश बसा है। मेघालय में इस वक्त सात जिले है और ये हर जिला अपनी एक अलग पहचान लिए है।
ऊंची-ऊंची पहाडियों के इस शहर का मौसम हमेशा सुहावना रहता है। यहां न तो ज्यादा गर्मी और न ही ज्यादा सर्दी पड़ती है। पूरे साल भर खूब वर्षा होने की वजह से यहां की जलवायु में हमेशा नमी रहती है। जिसकी वजह से इसे देश का ‘‘गीला’’ राज्य भी कहा जाता है।