
घूमने का शौक तो हम सभी में होता ही है। और कई बार हम अकेले या फिर पूरी फैमिली के साथ वीकेंड ट्रिप की प्लानिंग भी करते हैं। लेकिन बाद में प्रॉब्लम आ जाती है बजट की। तो इस समस्या से कैसे निपटें? अगर आप दिल्ली के आस-पास रहते हैं तो यह लेख आपके लिए ही है। इस लेख में आपको दिल्ली के आसपास की जगहों के बारे में जानकारी देने जा रहा हूं। जहां घूमने के लिए आपको अपनी जेब पर ज्यादा बोझ नहीं डालना होगा।

ऋषिकेश: तो आइए, अपने पहले सफर की शुरूआत करते हैं ऋषिकेश की खूबसूरत वादियों से। जहां सुंदर पहाड़ियों में कल-कल करते हए बहती हुई गंगा की लहरें मन को मोह लेती हैं और हवाएं हमारे मन को बिल्कुल शांत कर देती हैं। दिल्ली से ऋषिकेश जाने के लिए हरिद्वार तक नॉर्मल बस या फिर स्लीपर क्लास ट्रेन में सफर करके आसानी से पहुंच सकते हैं। इससे आपकी जेब पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ेगा। फिर हरिद्वार से आसानी से टैक्सी लेकर आप ऋषिकेश पहुंच सकते हैं। नाइट स्टे करने के लिए ऋषिकेश में खूबसूरत आश्रम और धर्मशालाएं मौजूद हैं जहां आप होटल से भी कम दाम में रुक सकते हैं। धार्मिक जगह होने के कारण ऋषिकेश में मांसाहार पर रोक है जिसकी वजह से यंहा पर काफी सस्ता और स्वादिष्ट शाकाहारी भोजन मिलता है। रिवर राफ्टिंग के लिए आप ऑनलाइन बुकिंग से अच्छा ऑप्शन है, सीधे ही आप ऋषिकेश पहुंचकर वहां के राफ्टिंग एजेंट से संपर्क करें इससे आपको राफ्टिंग का मजा काफी सस्ते में मिल जाएगा।
धनोल्टी: दिल्ली से ज्यादा दूर नहीं, और छोटे-छोटे शांत पहाड़ी गांवों को पीछे छोड़ते हुए जब आप धनोल्टी पहुंचेंगे तो यकीन मानिए यहां का सुंदर उन्मुक्त वातावरण मन और शरीर दोनों को ही तरोताजा कर देगा। दिल्ली – देहरादून स्लीपर क्लास रेल में सफर करके आप सस्ते में देहरादून पहुंच सकते हैं। और यहां से आगे धनोल्टी तक के लिए आपको टैक्सी मिल जाएगी। गढ़वाल मंडल विकास निगम की होटलों में कमरों का किराया 1800 से 2000 पर नाईट होता है, और इन कमरों में दो वयस्क और 8 साल तक के 2 बच्चों को ठहरने की इजाजत होती है। यानी कि अगर आप इन होटलों में रूम लेते हैं तो आप की चार लोगों की छोटी सी फैमिली पर रूम का किराया एक नाइट के लिए लगभग ₹2000 से भी कम आएगा।

लैंसडाउन: अब आगे चलते हैं उत्तराखंड के गढ़वाल में स्थित लैंसडाउन की तरफ। यह एक बहुत ही प्यारा हिल स्टेशन है। अंग्रेजों द्वारा पहाड़ों को काटकर बसाये गए लैंसडाउन की प्राकृतिक छटा सम्मोहित करने वाली है। यहां का मौसम पूरे साल सुहावना रहता है और हर तरफ फैली हरियाली आपको एक अलग ही दुनिया का एहसास कराएगी। इस हिल स्टेशन की सबसे खास बात है कि यह दिल्ली से काफी नजदीक है।और आप केवल 5 से 6 घंटों में ही दिल्ली से लैंसडाउन आसानी से पहुंच सकते हैं। रेल से सस्ती यात्रा करके आप नजदीकी रेलवे स्टेशन कोटद्वार आ सकते हैं। और फिर टैक्सी के माध्यम से आसानी से लैंसडाउन पहुंच सकते हैं। यहां ठहरने का सबसे अच्छा जरिया है गढ़वाल मंडल निगम के होटल। जिसमे आपके लिए सिर्फ ₹850 में सबसे सस्ते कमरे तक में भी शामिल हैं।
जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क: जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क जिसे अगर वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक स्वर्ग कहा जाए तो भी गलत नहीं होगा। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पढ़ने वाले जिम कॉर्बेट पार्क में आप रामनगर स्टेशन से जा सकते हैं। देश की राजधानी दिल्ली से कई सारी ट्रेन्स रामनगर आती हैं, तो आप यहां बड़ी ही आसानी से और सस्ते में पहुंच जाएंगे। रामनगर पहुंचने के बाद यहां से सिर्फ 12 किलोमीटर दूर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक आप छोटी गाड़ियों, टैक्सियों और बस के माध्यम से पहुंच सकते हैं। दिल्ली से लगभग 290 किलोमीटर की बाय-रोड दूरी तय करके भी कॉर्बेट नेशनल पार्क बड़े ही आराम से पहुंचा जा सकता है। कुल मिलाकर दिल्ली से काफी नजदीक मौजूद इस नेशनल पार्क में आप जंगल की दुनिया को बेहद करीब से देख सकेंगे।आने जाने का ख़र्च, रहना-खाना और जंगल सफारी यह सब मिलाकर केवल ₹5000 रूपये खर्च करके आसानी से घूम सकते हैं।

बिनसर: बिनसर उत्तराखंड में अल्मोड़ा से लगभग 34 किलोमीटर दूर समुद्र तल से लगभग 2412 मीटर की ऊंचाई पर बसा है। बिनसर में अध्यात्म और प्राकृतिक सुंदरता का बेजोड़ संगम देखने को मिलता है। बिनसर से हिमालय की केदारनाथ, त्रिशूल, नंदा देवी, नंदा कोट और पंचोली चोटियों की लगभग 300 किलोमीटर लंबी श्रंखला बड़ी ही आसानी से देखी जा सकती है। जो अपने आप में अद्भुत है। और यह बिनसर का सबसे बड़ा आकर्षण भी है। दिल्ली से बिनसर तक कोई भी डायरेक्ट बस सर्विस नहीं है। यंहा तक आने के लिए दिल्ली से नैनीताल जाना पड़ेगा। दिल्ली से नैनीताल के लिए बहुत सी नॉन एसी वोल्वो बस मिलती हैं जिनका किराया बिल्कुल बजट में होता है। और नैनीताल से कोई बजट टैक्सी हायर करके लगभग दो घंटे के सफर के बाद बिनसर पहुंच सकते हैं। बिनसर के ज्यादातर होटल रूम्स की बुकिंग एडवांस में ही हो जाती है। तो यंहा आने से पहले किफायती रूम्स के लिए एडवांस बुकिंग ही करनी पड़ेगी।
तो यह दिल्ली के आसपास मौजूद कुछ प्लेसेस हैं जंहा आप ₹5000 खर्च करके, घूमकर आ सकते हैं।










