Home #Trending क्या आप भी ‘9 PM पैनिक’ का शिकार हैं?

क्या आप भी ‘9 PM पैनिक’ का शिकार हैं?

मेंटल लोड' और अदृश्य ज़िम्मेदारियों से निपटने की एक व्यावहारिक गाइड

A panicked Indian mother reads messages from her child's school WhatsApp group at night.
AI generated image : The 9 PM Panic: Why is the entire household 'school calendar' on the minds of Indian mothers?

इस लेख में हम एक माँ के ‘मेंटल लोड’ को गहराई से समझेंगे,

क्यों माएँ खुद को घर का अनौपचारिक ‘प्रोजेक्ट मैनेजर’ बना लेती हैं ?

और कैसे इस बोझ को पूरे परिवार में बाँटा जा सकता है?

1. 9 PM पैनिक

सोचिए, रात के नौ बज रहे हैं। एक माँ रसोई का सारा काम सिमेंट कर, अगले दिन के टिफिन की पूरी तैयारी कर चुकी है और बस पाँच मिनट के लिए सोफे पर बैठती है शांति से, तभी बेडरूम से बच्चा दौड़ता हुआ आता है और कहता है— “मम्मी, कल स्कूल में ‘येलो डे’ है… मुझे पीली टी-शर्ट पहन कर जानी है और एक पीला फल भी ले जाना है।”

बस, यहीं से शुरू होता है ‘9 PM पैनिक’

आपके दिमाग की ‘हार्ड डिस्क’ तुरंत स्कैन करने लगती है: क्या घर में कोई पीली टी-शर्ट है ? और क्या वो धुली और साफ़ है? और अगर पीली टी-शर्ट नहीं है तो क्या पास वाली दुकान अभी खुली होगी? क्या फ्रिज में आम या केला रखा है? अगले एक घंटे तक एक माँ, एक जासूस, एक दर्जी और एक मैनेजर की भूमिका में आ जाती हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह जानकारी—कि कल ‘येलो डे’ है—सिर्फ माँ के ही हिस्से की ज़िम्मेदारी क्यों बन गई?

2. ‘मेंटल लोड’: वह काम जो दिखता नहीं

अक्सर घर के कामों को खाना बनाने, कपड़े या सफाई करने तक सीमित माना जाता है। लेकिन एक और काम है जो अदृश्य है, जिसे ‘मेंटल लोड’ (Mental Load) कहा जाता है।

भारतीय समाज में, माँ सिर्फ काम नहीं करती, वह घर की ‘प्रोजेक्ट मैनेजर’ होती है। वह यह याद रखती है कि:

  1. शनिवार को बच्चों को सफेद स्कूल यूनिफॉर्म पहनना है।
  2. छोटे वाले के वैक्सीन का डोज़ कब ड्यू है।
  3. बच्चों के पीटी वाले जूते साफ है या नहीं ?
  4. और स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर जो 50 मैसेज आए हैं, उनमें से काम की बात क्या है।
  5. सोने से पहले स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप के नोटिफ़िकेशन चेक करना, सुबह उठते ही नोटिफ़िकेशन चेक करना।
  6. नाश्ते और लंच टिफिन में किसके लिये क्या बनेगा?

पिता भले ही बच्चों को स्कूल छोड़ने में मदद करें, लेकिन उस बैग के अंदर क्या-क्या है और क्या होना चाहिए, इसका पूरा ‘डाटा’ माँ के पास होता है। यह निरंतर चलने वाली प्लानिंग दिमाग को थका देती है।

3. ‘मजबूत और सर्वगुण सम्पन्न महिला’ का दबाव

हाल ही में City Women Magazine ने ‘मजबूत महिला’ और “सर्वगुण सम्पन्न” महिला पर चर्चा की थी। क्या यह शब्द तारीफ है या एक छुपा हुआ दबाव? भारतीय संस्कृति में एक ‘अच्छी माँ’ की परिभाषा ही यह है कि उसे घर की हर छोटी-बड़ी चीज़ का पता होना चाहिए।

अगर बच्चा स्कूल में कुछ भूल जाता है, तो समाज उसे ‘बच्चे की गलती’ नहीं, बल्कि ‘माँ की लापरवाही’ के रूप में देखता है। इसी सामाजिक दबाव के कारण माताएँ अपने दिमाग को एक ‘लिविंग कैलेंडर’ बना लेती हैं। वे डरती हैं कि अगर उन्होंने याद नहीं रखा, तो उनका बच्चा पीछे छूट जाएगा। यह ‘परफेक्शन’ की चाह ही 9 PM पैनिक का असली कारण है।

4. व्हाट्सएप ग्रुप्स: जानकारी का वरदान या बोझ?

आजकल हर क्लास का अपना व्हाट्सएप ग्रुप है। सैद्धांतिक रूप से, इससे काम आसान होना चाहिए था। लेकिन हकीकत में, यह सूचनाओं का एक ऐसा अंबार है जो कभी नहीं रुकता। ‘डियर पेरेंट्स’ (Dear Parents) से शुरू होने वाले ये मैसेज अक्सर शाम को या देर रात आते हैं।

चूँकि ज़्यादातर ग्रुप्स में माताएँ ही प्राइमरी कांटेक्ट होती हैं, सारा डेटा सीधे उनके दिमाग में लैंड करता है। यह डिजिटल ‘शोर’ माओं को चैन से सोने नहीं देता। उन्हें बार-बार फोन चेक करना पड़ता है कि कहीं कल के लिए कोई नया निर्देश तो नहीं आ गया।

कैसे इस बोझ को पूरे परिवार में बाँटा जा सकता है?

AI generated image :घर के कामों को स्मार्टली मैनेज करने की 3 अचूक तकनीकें
AI generated image : घर के कामों को स्मार्टली मैनेज करने की 3 अचूक तकनीकें

‘CEO’ मोड से बाहर कैसे निकलें?

इस मानसिक थकान से बचने का एकमात्र तरीका है— ज़िम्मेदारियों को बाँटना। घर को एक ‘वन-वुमन शो’ के बजाय एक टीम की तरह चलाना ज़रूरी है। यहाँ कुछ व्यावहारिक सुझाव दिए गए हैं:

व्हाइटबोर्ड 

सारा डेटा अपने दिमाग में रखने के बजाय उसे घर की एक दीवार पर शिफ्ट करें। किचन में एक ‘व्हाइटबोर्ड’ लगाएं जहाँ पूरे हफ्ते का स्कूल शेड्यूल, ग्रोसरी लिस्ट और ज़रूरी तारीखें लिखी हों। नियम यह होना चाहिए कि अगर किसी को कुछ चाहिए, तो वह बोर्ड पर लिखे। इससे जानकारी ‘सार्वजनिक’ हो जाती है और माँ का दिमाग खाली होता है।

शाम 7 बजे करें अगले दिन की तैयारी

घर में एक नियम बनाएं, रात के 9 बजे के बजाय, शाम 7 बजे बच्चे के साथ बैठकर अगले दिन की तैयारी करें। जूते, ड्रेस, और स्टेशनरी—सब कुछ 7 बजे चेक होना चाहिए। अगर 7 बजे तक नहीं बताया गया, तो रात में उस चीज़ के लिए भागदौड़ नहीं की जाएगी। यह बच्चों में भी ज़िम्मेदारी की भावना पैदा करेगा।

व्हाट्सएप पार्टनरशिप

स्कूल ग्रुप्स में केवल माँ का ही नंबर क्यों? पिता को भी सक्रिय रूप से इन ग्रुप्स में शामिल करें। एक हफ्ते माँ और एक हफ्ते पिता ‘ग्रुप मैनेजर’ की भूमिका निभा सकते हैं।

बच्चों को ‘इंडिपेंडेंट’ बनाना

कभी-कभी 9 PM पैनिक इसलिए भी होता है क्योंकि हम अपने बच्चों को ज़रूरत से ज़्यादा ‘सर्विस’ देते हैं। 10 साल से ऊपर के बच्चे अपना बैग खुद पैक कर सकते हैं और अपनी ड्रेस चेक कर सकते हैं। उन्हें अपनी छोटी गलतियों (जैसे एक दिन पीटी शूज भूल जाना) का परिणाम भुगतने दें। जब उन्हें एक बार स्कूल में रोका जाएगा, तो वे खुद अपनी चीज़ें याद रखना शुरू करेंगे। माँ का काम ‘बैकअप’ होना चाहिए, ‘मेन सर्वर’ नहीं।

अंत में, यह समझना ज़रूरी है कि आप एक इंसान हैं, कोई सुपर-कंप्यूटर नहीं। एक-दो दिन ‘येलो डे’ भूल जाने से या चार्ट पेपर न मिल पाने से आपके ‘अच्छी माँ’ होने पर कोई सवाल खड़ा नहीं होता। City Women Magazine हमेशा से महिलाओं को खुद से जुड़ने और ‘नेचर थेरेपी’ जैसी चीज़ों के लिए प्रेरित करती रही है.

9 PM पैनिक सिर्फ एक समय की घटना नहीं है, यह उस व्यवस्था का लक्षण है जहाँ सारा बोझ एक ही कंधे पर है। इस बोझ को उतारें। अपने साथी से बात करें, बच्चों को ज़िम्मेदार बनाएं और सबसे ज़रूरी बात—उस 9 बजे वाली चाय को शांति से पिएं। ‘मजबूत महिला’ वह नहीं है जो सब कुछ अकेले करती है, बल्कि वह है जो यह जानती है कि कब ‘ना’ कहना है और कब मदद माँगनी है।

Previous articleडिजिटल दादी : स्मार्टफोन ने कैसे बदला बुजुर्गों के जीवन का अकेलापन
Next articleThe 9 PM Panic: Unloading a Mother’s Mental Load
Editor-in-Chief and Founder of CityWomenMagazine.in