स्मिता पाटिल की गिनती बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में होती है। 10 साल के छोटे से फिल्मी करियर में ही उन्होंने अपने अभिनय से कई फिल्मों को अमर बना दिया। स्मिता पाटिल ने अपने पूरे करियर में करीब 60 फिल्मों में काम किया। इसमें ‘भूमिका’, ‘मंथन’, ‘मिर्च मसाला’, ‘अर्थ’, ‘मंडी’ और ‘निशांत’ और बेहतरीन फिल्में शामिल हैं।
हालांकि, स्मिता ने अपने करियर में ज्यादातर सामाजिक मुद्दों से जुड़ी फिल्मों में ही काम किया और ये फिल्में ही उनकी पहचान बनीं। लेकिन, ऑफबीट और क्लासिकल फिल्मों के अलावा उन्होंने ‘नमक हलाल’ और ‘शक्ति’ जैसी विशुद्ध मसाला फिल्मों में भी काम किया। ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल भी हुई और साथ ही इन फिल्मों ने स्मिता के ऊपर से सिर्फ ऑफबीट फिल्मों की हीरोइन होने का ठप्पा भी हटा दिया।
स्मिता पाटिल की जब भी चर्चा होती है, तो फिल्मों के साथ-साथ उनके राज बब्बर के साथ अफेयर की भी चर्चा भी होती है। स्मिता ने राज बब्बर के साथ पहली बार ‘आज की आवाज’ फिल्म में काम किया। इस फिल्म के साथ ही दोनों के अफेयर की चर्चा भी बॉलीवुड के गलियारों में होने लगी।
हालांकि, राज बब्बर पहले से ही शादीशुदा थे। उनकी शादी नादिरा बब्बर के साथ हो चुकी थी। इसके अलावा उस समय वे दो बच्चों के बाप भी थे। फिर भी राज बब्बर ने स्मिता पाटिल के साथ शादी करने का फैसला कर लिया। स्मिता पाटिल भी राज बब्बर के शादीशुदा होने के बावजूद उनसे शादी करने के लिए तैयार हो गईं। राज बब्बर के इस फैसले के बारे में जब उनके माता-पिता को पता चला तो वे बुरी तरह से भड़क उठे। राज बब्बर के पिता ने साफ कह दिया कि राज बब्बर को अपने परिवार और स्मिता पाटिल में से एक को चुनना होगा। राज बब्बर ने घर छोड़ने का फैसला किया और 1986 में स्मिता पाटिल के साथ शादी करके अपनी एक अलग दुनिया बसा ली।
स्मिता ने शादी के बाद एक बच्चे को जन्म दिया, जो आज प्रतीक बब्बर के नाम से मशहूर है। लेकिन, प्रतीक को जन्म देने के कुछ ही दिनों बाद इंफेक्शन के कारण स्मिता पाटिल की मौत हो गई।
A post shared by Alex Pascal Quincy SHOWBIZ (@alexpascalquincy) on
फिल्मी दुनिया के लिए ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्मिता पाटिल जैसी बेहतरीन अभिनेत्री सिर्फ 31साल की उम्र में दुनिया को छोड़ गईं। उनके पास फिल्म जगत को देने के लिए काफी कुछ बचा था। लेकिन, स्मिता की यादें और फिल्में आज भी उनके प्रशंसकों के दिलों में बसती हैं। स्मिता अपनी बेहतरीन अदाकारी से अमर हो गईं।