Home Lifestyle Special Story “मजबूत महिला” – तारीफ या छुपा हुआ दबाव?

“मजबूत महिला” – तारीफ या छुपा हुआ दबाव?

“तुम बहुत स्ट्रॉन्ग हो” सुनने के पीछे छुपी वो सच्चाई, जो महिलाएँ अक्सर कह नहीं पातीं।

Thoughtful woman with illustrated muscular arms behind her and the words “Majboot Mahila” above.
एक महिला सोचने वाली मुद्रा में ऊपर देख रही है, उसके पीछे दीवार पर बनी मजबूत मसल्स वाली बाहों की ड्राइंग है और ऊपर लिखा है “मजबूत महिला”, जो आंतरिक शक्ति और सामाजिक अपेक्षाओं का प्रतीक है।

“आप बहुत ही मजबूत का, जिम्मेदार और सर्वगुण संपन्न महिला हैं ” यह वाक्य सुनकर अक्सर मुस्कान आ जाती है। ऐसा लगता है जैसे किसी ने हमारी हिम्मत, हमारी सहनशीलता और हमारे संघर्षों को पहचान लिया हो। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि यह शब्द — मजबूत , जिम्मेदार और सर्वगुण संपन्न , कभी-कभी तारीफ से ज्यादा एक उम्मीद बन जाता है? एक ऐसी उम्मीद, जो महिलाओं को रोने, थकने, टूटने या मदद मांगने का हक तक नहीं देती।

हमारे समाज में “मजबूत महिला” की छवि बहुत ग्लोरिफाई की जाती है। वह जो घर भी संभाले, काम भी करे, रिश्ते भी निभाए, बच्चों की परवरिश भी करे, और चेहरे पर मुस्कान भी रखे। वह जो दर्द में भी चुप रहे, त्याग करे, सहन करे — और कभी शिकायत न करे। लेकिन सवाल यह है: क्या यह ताकत है, या एक चुपचाप ढोया जाने वाला बोझ?

बचपन से लड़कियों को सिखाया जाता है कि “रोना नहीं”, “समझदारी दिखाओ”, “घर की इज्जत तुमसे है।” धीरे-धीरे यह सीख उनकी पहचान बन जाती है। महिलाएं अपनी भावनाओं को पीछे रखना सीख जाती हैं। अगर भाई गुस्सा करे, अगर पिता सख्त हों  या अगर पति व्यस्त हो, तो समझो। हर रिश्ते और स्थिति में लड़की को ही समझदारी दिखाना, मजबूत बनना सिखाया जाता है। लेकिन वह अंदर से कैसा महसूस कर रही है ये कोई नहीं जानना चाहता।

किसी महिला के जीवन में मुश्किल वक्त आता है — तलाक, नौकरी का तनाव, परिवार की जिम्मेदारी, या मानसिक थकान — तो उसे अक्सर यही कहा जाता है, “तुम तो बहुत स्ट्रॉन्ग हो, तुम संभाल लोगी।” यह सुनने में सपोर्ट जैसा लगता है, पर असल में यह उसके दर्द को छोटा कर देता है। उसे यह संदेश मिलता है कि तुम्हें टूटने की, थकने की, या बुरा महसूस करने की इजाजत नहीं है, क्योंकि तुम “मजबूत” हो।

दिलचस्प बात यह है कि समाज में पुरुषों को हमेशा “मजबूत” शब्द से नवाज़ा जाता है। लेकिन उसी पुरुष से घर, भावनाएँ और रिश्तों की जिम्मेदारी उठाने की उम्मीद भी सबसे कम की जाती है। वहीं महिलाओं से उम्मीद की जाती है कि वे भावुक भी रहें और मजबूत भी। यह विरोधाभास उन्हें एक ऐसी भूमिका में धकेल देता है, जहां वे इंसान कम और “सुपरवुमन” ज्यादा बनकर रह जाती हैं।

सोशल मीडिया ने भी “strong woman” की छवि को और चमका दिया है। वहां हमें ऐसी महिलाएं दिखती हैं जो हर परिस्थिति में आत्मविश्वासी, खुश और सफल नजर आती हैं। लेकिन असल जिंदगी में हर महिला हर दिन मजबूत नहीं हो सकती है।

असल सशक्तिकरण यह नहीं है कि महिला हर दर्द सहकर खड़ी रहे। असली ताकत यह है कि वह कह सके — “आज मैं ठीक नहीं हूँ”, “मुझे मदद चाहिए”, “मैं थक गई हूँ।” रोना कमजोरी नहीं है, बल्कि यह इंसान होने का सबूत है। हमें यह समझना होगा कि हर महिला की ताकत अलग होती है। कोई बाहर से लड़ती है, कोई अंदर से जूझती है। कोई आवाज उठाती है, तो कोई चुपचाप सहती है — और दोनों ही अपनी जगह मजबूत हैं। लेकिन मजबूती को एक स्थायी पहचान बना देना, और हर समय उसी की उम्मीद करना, एक भावनात्मक अन्याय है।

परिवारों को भी यह सीखने की जरूरत है कि बेटी, पत्नी या माँ सिर्फ जिम्मेदारियों का स्तंभ नहीं है। वह भी थकती है, डरती है, और उसे भी सहारे की जरूरत होती है। “तुम बहुत मजबूत हो” कहने के साथ अगर “मैं तुम्हारे साथ हूँ” भी जुड़ जाए, तो यह वाक्य सच में ताकत बन सकता है।

महिलाओं को भी खुद को यह इजाजत देनी होगी कि वे हर समय मजबूत न रहें। कभी-कभी कमजोर पड़ना, रुकना, मदद लेना — यह भी आत्म-सम्मान का हिस्सा है। सशक्तिकरण का मतलब यह नहीं कि हम दर्द छुपाना सीख जाएं, बल्कि यह कि हम अपनी सच्चाई को स्वीकार करना सीख जाएं।

शायद अब समय आ गया है कि “मजबूत महिला” की परिभाषा बदली जाए। मजबूत वह नहीं जो कभी टूटे नहीं। मजबूत वह है जो टूटकर भी खुद को जोड़ना जानती है, जो मदद मांगने में शर्म महसूस नहीं करती, और जो अपनी भावनाओं को दबाने की बजाय उन्हें जीना सीखती है। क्योंकि असली सशक्तिकरण सहने में नहीं, समझे जाने में है।

Previous articleSeal It With Love by Archana Aggarwal
Next articleWhy Aishwarya Rai Bachchan Is Trending on Google in India in 2026
Editor-in-Chief and Founder of CityWomenMagazine.in