
आज के समय में हम महिलाओं के पास बस वो आत्मविश्वास ही है जो हमें अपने सपनों और लक्ष्य को पूरा करने में सबसे ज़्यादा मदद करता है। आत्मविश्वास निर्माण एक मुश्किल काम लग सकता है लेकिन ये नामुमकिन नहीं है।
आज महिलाएं हर फील्ड में अपने टेलैंट के दम पर खूब नाम कमा रही हैं। पर फिर भी कुछ महिलाएं आज भी अपने लक्ष्य और सपनों को पूरा करने का आत्मविश्वास नहीं जोड़ पाती।
वैसे भी कहते हैं न कोई भी आत्मविश्वास की भावना के साथ पैदा नहीं होता है। ये ज़िंदगी के अनुभवों के साथ विकसित होता है। घर, परिवार, रिश्ते नाते, जीवन के नकारात्मक अनुभव की वजह से भी कई बारआत्मविश्वास खो बैठते हैं।
हमने आपकी मदद करने के लिए कुछ आसान टिप्स तैयार किए हैं। शायद ये पोस्ट पढ़ कर आपको कुछ मदद मिल पाए।
1. सबसे पहले अपने जीवन में उन सभी चीजों की एक लिस्ट बनाएं जिन पर आपको गर्व है। वो परीक्षा आए अच्छे नंबर हो सकते हैं, किसी काम के लिए मिले सर्टिफिकेट्स या अवॉर्ड हो सकते हैं। आपके द्वारा की गई सेविंग हो सकती है। उस सेविंग से खरीदी कोई वस्तु भी हो सकती है। आप देखिएगा जैसे जैसे ये लिस्ट बढ़ेगी आप में खोया आत्मविश्वास भी बढ़ने लगेगा।
2. खाली समय में उन चीजों के बारे में सोचें जिनमें आप अच्छी हैं। हर किसी के पास कोई न कोई ताकत और प्रतिभा होती है। आपके पास क्या हैं? आप किस चीज़ में सबसे अच्छी हैं यह पहचानना बहुत ज़रूरी है। आपकी वही प्रतिभा और क्षमता आप में विश्वास पैदा करने में मदद करेंगी।
3 . कुछ लक्ष्य निर्धारित करना शुरू करें और उन्हें पाने के लिए आपको क्या ज़रूरी कदम उठाने होंगे वो भी निर्धारित करें। लक्ष्य हमेशा बड़े होते हैं ये ज़रूरी नहीं। वो घर की किचन से केक बनाने, घर से शुरू किया जा सकने वाला कोई खरीदने – बेचने वाला छोटा बिज़नेस भी हो सकता है। शिक्षा या लेख से जुड़ा काम भी हो सकता है। शुरुआत में बस कुछ छोटी-छोटी उपलब्धियों का लक्ष्य रखें।
4. अपने आप से बात करें। आत्मविश्वास वापिस पाना है तो सबसे पहले दिमाग तक पहुँचने वाले हर नकारात्मक शब्द और टिप्पणी को नज़र अंदाज़ करें। आप अपने बारे में कितना अच्छा सोचते हैं ? अपने आप से कैसा व्यवहार करते हैं ?अपने आप को किस तरह से सम्मान देती हैं? ये सबसे ज़्यादा ज़रूरी है।
5. शौक पालना बड़ी चीज़ है। अपने शौक को पहचानना शुरू कीजिये। यह फोटोग्राफी, खेल, बुनाई या कुछ भी हो सकता है। जिस दिन आप अपने जुनून को पहचान लेंगी उस दिन उस पर काम करने के लिए खुद को प्रतिबद्ध कर लेंगी।










