Home Lifestyle Interview शांति प्रिया : फिर से अपने दर्शकों के साथ फिर से जुड़ना...

शांति प्रिया : फिर से अपने दर्शकों के साथ फिर से जुड़ना चाहती हूँ

ShanthiPriya Ray
Photo Courtesy : facebook/ishanthipriya

चंद फिल्मों के ज़रिये इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में ख़ास पहचान पाने वाली अभिनेत्री शांतिप्रिया का ये चेहरा और मुस्कान कौन भुला सकता है। 90 के दशक में इस एक्ट्रेस की हर अदा में स्वर्गीय एक्ट्रेस श्री देवी की झलक मिलती थी। एक्टर सिद्धार्थ रे के साथ घर बसाने के बाद शांति प्रिया ने फिल्मों को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था।सिद्धार्थ रे ने बाज़ीगर और वंश जैसी फ़िल्मों में अभिनय यादगार अभिनय किया। अपनी पत्नी और दो बेटों को पीछे छोड़ते हुए सिद्धार्थ रे की 2004 में दिल के दौरे से मृत्यु हो गई। शांतिप्रिया तेलुगु, तमिल और हिंदी भाषा की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। वह लोकप्रिय अभिनेत्री भानुप्रिया की छोटी बहन हैं।

ShanthiPriya Rayसुनने में आ रहा है कि वो एक बार फिर से फिल्मों में वापिसी करना चाहती हैं।  आप अगर भूल गए हैं तो हम आपको याद दिला दे की ये वही अदाकारा हैं जिनके अपोजिट अक्षय कुमार ने अपने फ़िल्मी कॅरिअर की शुरुआत की थी। फिल्म सौगंध में शांतिप्रिया ने अक्षय कुमार की प्रेमिका का किरदार निभाया था।

इस पोस्ट में हम आपके साथ सांझा कर रहे है एक्ट्रेस शांति प्रिया के साथ टेलीफोनिक इंटरव्यू के ज़रिये सिटी वुमन मैगजीन की हेमलता गौतम से की गई ख़ास बातचीत के कुछ अंश।

शादी के बाद आपने फिल्म इंडस्ट्री के साथ एक दूरी बना ली थी। पर सुनने में आ रहा है कि आप एक बार फिर कमबैक की तैयारी कर रही हैं?

जी हाँ ये सच है मैं अब फिर से काम करना चाहती हूँ। अपने दर्शकों के साथ फिर से जुड़ना चाहती हूँ। आज ज़माना बहुत बदल गया है। आज शादी और बच्चे होने के बाद भी एक्ट्रेस फिल्मों में काम कर रही हैं। हमारे समय में ऐसा नहीं था। उस समय शादी का मतलब होता था कि अब भाभी, बीवी, बहू और माँ की जिम्मेदारी संभालनी है। अगर उस समय में हम एक्ट्रेस को पारिवारिक जीवन के साथ काम करने का मौक़ा मिलता तो बहुत बढ़िया हो जाता।

जिस समय आप सिनेमा के लिए काम करती थीं उस समय में आज के सिनेमा में आप किस तरह का बदलाव महसूस कर रही हैं ?

मैंने आखरी बार सीरियल माता की चौकी के लिए शूटिंग की थी। नब्बे के दशक में हमें एक सीन के शूट के बाद दूसरे सीन की जानकारी दी जाती थी। शूट वाले दिन जब हम सुबह शूटिंग के लिए सेट पर पहुँचते हैं तो उस दिन की शूट से जुड़ी जानकारी कलाकार को दे दी जाती थी जैसे स्क्रिप्ट, सीन, डायलॉग। पर आज शूट से तीन से छ महीने पहले स्क्रिप्ट, सीन, डायलॉग सब एडवांस में मिल जाते है। इससे तैयारी और परफेक्शन के लिए समय मिल जाता है। पहले डांस सीन की शूट भी ऑन – स्पॉट होती थी मास्टर जी उसी समय डांस सिखाते थे और फिर हम ऑन – स्पॉट फ़ाइनल शॉट देते थे । पर आज डांस की प्रेक्टिस भी एडवांस में कराई जाती है। ये एक बड़ा बदलाव है।

आज खूब ऐतिहासिक फिल्म्स बन रही हैं। जिनकी कंट्रोवर्सीस फिल्म से जुड़े लोगों के लिए परेशानी का सबब तक बन जाती हैं। ऐसे में क्या आप किसी ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बनना चाहेंगी ?
कंट्रोवर्सीस तो आती जाती रहती हैं। एक बार फिल्म रिलीज़ होने के बाद सब भूल जाते हैं। सब वाह वाह भी करते हैं कि क्या फिल्म बनाई है। जिन्हें फिल्म को स्वीकार नहीं करना है वो नहीं करेंगे। पर इससे फर्क नहीं पड़ता। मैं ज़रूर ऐतिहासिक फिल्म्स करना चाहूंगी।

बायोपिक फिल्म में आप किस तरह के किरदार को निभाना पसंद करेंगी। सुनने में आ रहा है कि बोनी कपूर श्री देवी की ज़िन्दगी पर फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। अगर आपको ऐसा ऑफर मिले तो क्या आप करेंगी ?

बिलकुल करना चाहूंगी। जब मैं फिल्मों में काम करती थी तो मुझे बहुत सारी तारीफें मिलती थीं कि मैं उनकी तरह दिखती हूँ। मैं उनकी भूमिका निभाने का आशीर्वाद रखती हूँ। इसके अलावा मैं मदर टैरेसा का किरदार भी निभाना पसंद करुँगी।

आपको किस तरह की फिल्म्स देखना पसंद है ? और आज के समय के आपके पसंदीदा एक्टर और एक्ट्रेस कौन हैं
आज इंटरनेशनल और नेशनल सभी फिल्म्स में बहुत बदलाव आ गया है। मैंने रणवीर सिंह की बेफिक्रे भी देखी है और पद्मावत भी। हमारी बॉलीवुड फिल्म्स में भी हॉलीवुड फिल्म्स वाला मसाला मिल रहा है। जहाँ तक बात है पसंदीदा कलाकारों की तो अक्षय कुमार और मेरी बहन भानु प्रिया इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। आज के एक्टर्स में, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस में प्रियंका चोपड़ा, कंगना रनौत, विद्या बालन, आलिया भट्ट और अनुष्का शर्मा सभी बेहतरीन और आज के मल्टीटेलेंटेड कलाकार हैं।

आज कल वेब सीरीज का ज़माना है। आप क्या राय है वेब सीरीज के बारे में ?
मुझे जब भी समय मिलता है मैं वेब सीरीज देखना पसंद करती हूँ। हाँ कुछ ऐसी भी वेब सीरीज हैं जिन्हें आप फैमिली के साथ बैठ कर नहीं देख सकते हैं। पर कुछ ऐसी भी वेब सीरीज हैं जिन्हें आप फैमिली के साथ देख सकते हैं। सलेक्शन डे मैंने अभी नहीं देखी है पर जब समय मिलेगा ज़रूर देखना चाहूंगी।

क्या आप वेब सीरीज में काम करना चाहेंगी ?
बिलकुल करना चाहूंगी, फिर चाहे वो कॉमेडी हो या कोई सीरियल हो या कोई महिला पर आधारित रोल हो मैं ज़रूर करना चाहूंगी। रोल चाहे छोटा हो पर पर ऐसा हो कि लोगों को पसंद आये। लोग मुझे उस किरदार के लिए याद रखें।

 

Previous articleसर्दियों में इन ट्रेंडी लुक्स का करें चुनाव
Next articleसिंगर नीति मोहन की सिर्फ आवाज़ ही नहीं हर स्टाइल है लाजवाब
Editor-in-Chief and Founder of CityWomenMagazine.in