
आपको ये पढ़ने में थोड़ा अटपटा लग सकता है पर ये सच है कि आपके कपड़े दर्शाते हैं कि आप कौन हैं, आप इस समय कैसा महसूस कर रहे हैं और कभी-कभी आप जीवन में क्या हासिल करना चाहते हैं? हमेशा याद रखें कि आप जो कुछ भी पहनते हैं वह आपके वास्तविक रूप को दर्शाता है। आपका ड्रेसिंग सेंस आपके व्यक्तित्व, चरित्र, मनोदशा, शैली और वास्तव में आप एक व्यक्ति के रूप में क्या हैं ये दर्शाता है।
कपड़ों से जुडी इस साइकोलॉजी पर कई रिसर्च स्टडीज भी हो चुकी हैं। जो ये प्रूव करती है कि आप अपने लिए जिस तरह के कपड़े चुनते हैं, वह आपकी फीलिंग्स, महत्वाकांक्षा और आपकी साइकोलॉजी के बारे में बहुत कुछ बताता है। घर हो या काम, पार्टी हो या कैजुअल गेट टुगेदर, आपके कपड़ों की पसंद एक गहरे अर्थ को दर्शाती है।
प्राचीन काल में भी कपड़े जातियों और समुदायों में एक ख़ास तरह का अंतर पेश करते थे। कपडे समाज में सामाजिक और आर्थिक संकेतक के रूप में कार्य करते थे।
कुछ ऐसा ही आज भी है, एक ब्रांडेड ड्रेस को आज एक स्टेटस सिंबल के रूप में देखा जाता है, जबकि सड़क के किनारे की दुकान से खरीदे गए कपड़ों को अलग नज़रिये से देखा जाता है।
सिर्फ इतना ही नहीं कपड़े आपके मूड या व्यवहार को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपने कितनी बार देखा है कि खराब दिन के बाद आप बेहतर महसूस करने के लिए दोस्तों के साथ सज धज के लिए घर से निकल जाते हैं।
जी हाँ कपड़ों में आपके प्रति आपका नजरिया बदलने की ताकत होती है। आपके कपड़े आपको शक्तिशाली या कमजोर, सुंदर या अनाकर्षक, खुश और उदास महसूस करा सकते हैं।










